नई दिल्ली, 27 फरवरी। दिल्ली के क्लस्टर बसों में 10-15 साल से लगातार कार्यरत कॉन्ट्रैक्ट संवाहकों की नौकरी समाप्ति के आदेश के विरोध में आज सैकड़ों कॉन्ट्रैक्ट संवाहकों ने ऑल इंडिया सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियंस (ऐक्टू) के बैनर तले, दिल्ली के ‘श्रम सचिव सह आयुक्त’ के सामने प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरूआत कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों ने जुलूस निकालकर की, जिसके उपरांत विरोध–सभा के माध्यम से कार्यक्रम को जारी रखा गया। गौरतलब है कि मार्शलों की छटनी के बाद होनेवाला ये सबसे बड़ा छटनी का मामला है, जिसके कारण हजारों कॉन्ट्रैक्ट संवाहक अपनी नौकरी बचाने के लिए सड़कों पर आंदोलन करने को मजबूर हैं।
कॉन्ट्रैक्ट संवाहकों की मांगों के समर्थन में दिल्ली के तमाम ट्रेड यूनियन नेताओं ने भी सभी मौजूद कर्मचारियों को संबोधित किया। ऐक्टू से बात रखते हुए अजयपाल सिंह ने इस बात पर ज़ोर दिया कि सभी को मिलकर कॉन्ट्रैक्ट संवाहकों की नौकरी बचाने के आंदोलन को और तेज करने की जरूरत है।