नई दिल्ली, 27 फरवरी । दिल्ली पुलिस ने यहां एक व्यक्ति से 15 लाख रुपए और 22 आईफोन लूटने के आरोप में तीन महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया और पंजाब व जम्मू-कश्मीर में एक सप्ताह से अधिक समय तक चलाए गए तलाशी अभियान के बाद लूटा गया सारा माल बरामद करने का दावा किया। पुलिस के अनुसार, टीम ने घने जंगलों और पहाड़ी इलाकों में लंबी यात्रा के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया।
उत्तर दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजा बंथिया ने कहा, “यह मामला 17 फरवरी को तिमारपुर थाने में दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता रमेश लाल (39) जम्मू निवासी हैं और जम्मू में एक मोबाइल की दुकान में काम करते हैं। वे सामान की खरीद-फरोख्त के लिए जम्मू से दिल्ली जाने वाली एक निजी बस में सवार हुए थे।” उनके पास 15 लाख रुपए नकद और एक बैग में 30 लाख रुपये कीमत के 22 पैक एप्पल आईफोन थे। दिल्ली के मजनू का टीला पर बस से उतरे। उसी बस में सफर कर रहे तीन अज्ञात पुरुष और तीन महिलाएं भी उतर गए। जैसे ही वह ऑटो-रिक्शा में चढ़ने लगे, उन छह लोगों ने उन्हें घेर लिया और उन पर छेड़छाड़ और मारपीट के झूठे आरोप लगाने शुरू कर दिए। उनके मुताबिक, इस अफरा-तफरी में पुरुष आरोपी नकदी और 22 आईफोन से भरा बैग लेकर फरार हो गए।