नई दिल्ली, 26 फरवरी । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को चांदनी चौक में बिजली के तारों को जमीन के नीचे करने की परियोजना का उद्घाटन करने के बाद कहा कि सरकार अगले 50 साल के लिए शहर की बिजली आपूर्ति क्षमता बढ़ाने के लिए प्रयासरत है।
गुप्ता ने बताया कि कूचा महाजनी, भागीरथ पैलेस, जामा मस्जिद रोड और नयी सड़क समेत पुरानी दिल्ली के 28 इलाके बिजली के लटकते तारों से मुक्त हो जाएंगे। इस परियोजना की लागत 160 करोड़ रुपए है।
उन्होंने ने यह भी कहा कि उनकी सरकार ऐतिहासिक टाउन हॉल भवन को स्मारक के रूप में पुनर्जीवित करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, ”अब इन तारों को भूमिगत करने की परियोजना शुरू हो गई है, जो केवल तकनीकी बदलाव नहीं बल्कि धरोहर को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुंदर बनाने की दिशा में कदम है।”
इससे पहले अधिकारियों ने बताया कि चांदनी चौक में 52.5 किलोमीटर ओवरहेड तारों को भूमिगत किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान सुरक्षित रहे और सुरक्षा भी बेहतर हो सके।