नई दिल्ली: दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में 25 फरवरी तड़के एक वाहन की चपेट में आने से 10 वर्षीय एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, हादसे की सूचना रात करीब 12.50 बजे मिली, जिसके बाद एक टीम मौके पर पहुंची और सड़क पर तीन घायलों को पड़ा पाया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, “तीनों को तुरंत जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने घायल बच्ची को मृत घोषित कर दिया।”
अन्य दो घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने कहा कि स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। प्रारंभिक जांच में संकेत मिला है कि तीनों को एक वाहन ने टक्कर मारी, जिसका चालक मौके से फरार हो गया। आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ने के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं।