नई दिल्ली: उत्तरी दिल्ली में एक चलते ट्रक से बाइक सवारों द्वारा 200 किलोग्राम इलायची चोरी करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने इसमें कथित रूप से शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, एक परिवहन कंपनी में ट्रक चालक के रूप में कार्यरत दुखी कुमार की शिकायत पर 17 फरवरी को लाहौरी गेट थाने में ‘ई-प्राथमिकी’ दर्ज की गई। कुमार ने बताया कि 13 फरवरी की रात को उन्होंने ट्रक पर पुरानी दिल्ली के खारी बावली से अन्य किराना सामान के साथ इलायची के बैग (प्रत्येक 50 किलो वजन) लादे थे।
इस सामान को फरीदाबाद पुहंचाना था। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के दौरान क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया और दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह व्यक्तियों की पहचान की गई। पुलिस ने 20 फरवरी को पुल मिठाई इलाके से बिहार के मुंगेर जिले के निवासी आनंद (30) और प्रदीप (36) को पकड़ लिया और चोरी की इलायची के एक बैग बरामद किए। बाद में दोनों की निशानदेही पर बिहार के भागलपुर जिले के निवासी एक अन्य आरोपी सिथुन (24) को आजादपुर से गिरफ्तार किया गया।