नई दिल्ली: पुलिस ने करीब छह करोड़ रुपए मूल्य की एक किलोग्राम से अधिक हेरोइन जब्त करने का दावा किया है।
दिल्ली पुलिस ने 25 फरवरी को बताया कि इस सिलसिले में 23-वर्षीय एक संदिग्ध मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ऐसे परिवार से ताल्लुक रखता है जो यमुनापार इलाके में मादक पदार्थों के व्यापार में कथित तौर पर निरंतर शामिल रहा है।
आरोपी के पिता पर भी पहले एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था और उसका बड़ा भाई वर्तमान में इसी तरह के एक मामले में न्यायिक हिरासत में है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान दिलशाद गार्डन निवासी इमरान उर्फ शेर खान के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान एक भारी थैली बरामद की गई, जिसमें भूरे रंग (282 ग्राम) और क्रीम रंग (740 ग्राम) के पाउडर के दो पैकेट मिले। जांच किए जाने पर उक्त पदार्थ के हेरोइन होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने बताया कि कुल 1.022 किलोग्राम की हेरोइन बरामद हुई है।