नई दिल्ली: दयाल सिंह कॉलेज में बुधवार 25 फरवरी को कक्षा संचालन के दौरान एक अस्थायी ‘केबिन क्लासरूम’ की ‘जिप्सम पैनल’ वाली छत का हिस्सा गिर गया।
दिल्ली विश्वविद्यालय के दयाल सिंह कॉलेज के प्राचार्य वी.के. पालीवाल ने पुष्टि की कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।
कॉलेज प्रशासन ने इस घटना की वजह पुराने पड़ चुके ढांचे को बताया है। उसने कहा कि फिलहाल कई कक्षाएं, अस्थायी कक्षाओं में चलाई जा रही हैं। छात्रों ने बताया कि कक्ष संख्या-36 में जब बीए (इतिहास) की कक्षा संचालित हो रही थी तभी छत का हिस्सा गिर गया। शिक्षकों के अनुसार, कॉलेज में छात्रों की संख्या अधिक होने और बुनियादी ढांचे की स्थिति खराब होने के कारण नयी इमारतों की तत्काल आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि पुनर्विकास परियोजनाएं वर्षों से रुकी हुई हैं।