नई दिल्ली: पुलिस ने अशोक विहार इलाके से कथित तौर पर अगवा की गयी तीन वर्षीय बच्ची को सुरक्षित छुड़ा लिया है और इस सिलसिले में फैक्टरी के एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है।
दिल्ली पुलिस ने 25 फरवरी को बताया कि इस संबंध में 22 फरवरी को सूचना मिली थी कि वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र (डब्ल्यूपीआईए) में स्थित एक फैक्टरी के पास से एक बच्ची को अगवा कर लिया गया है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (उत्तर-पश्चिम) भीष्म सिंह ने कहा, “मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और बच्ची की तलाश के लिए अभियान शुरू किया।”
टीम ने संदिग्ध की पहचान करने और बच्ची का पता लगाने के लिए आसपास की सड़कों और औद्योगिक इकाइयों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। उन्होंने बताया कि जांच और तकनीकी विश्लेषण के दौरान संदिग्ध की पहचान अमित (47) के रूप में हुई। वह इसी इलाके का निवासी है और डब्ल्यूपीआईए की एक फैक्टरी में काम करता है।