नई दिल्ली, 22 फरवरी। गौतमबुद्ध नगर जिले में अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। नोएडा सेक्टर-63 थाना के प्रभारी निरीक्षक अमित काकरान ने बताया कि थाना क्षेत्र के एक में गांव में रहने वाली युवती ने रविवार को अपने घर में कथित तौर पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इसके अलावा नोएडा फेज-1 थाना के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मान ने बताया कि हरौला गांव में हरजीत सिंह (31) नामक व्यक्ति ने शनिवार रात को कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मान ने बताया कि सिंह मूल रूप से पीलीभीत जिले का रहने वाला था। दादरी थाना के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि उनके थाना क्षेत्र के अंबेडकर कॉलोनी में सुखदेवी नामक महिला ने कथित तौर पर मानसिक तनाव की वजह से जहरीला पदार्थ खा लिया।
इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बीटा-दो थाना के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि वीरेश यादव (32) ने पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह मूल रूप से अलीगढ़ का निवासी था। नोएडा सेक्टर 113 थाना क्षेत्र के सर्फाबाद गांव में स्थित एक सोसाइटी में भी सातवीं मंजिल से 30 वर्षीय एक युवक के कूदकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है।