नई दिल्ली, 22 फरवरी । उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मजलिस पार्क में एक घर में लगी आग को बुझाने की कोशिश के दौरान एक एलपीजी सिलेंडर फट गया, जिससे दमकलकर्मियों और पुलिसकर्मियों समेत 13 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि घर में सुबह करीब नौ बजे आग लग जाने के बाद उसे बुझाने का प्रयास कर रहे छह पुलिसकर्मी और दमकलकर्मी एलपीजी सिलेंडर में विस्फोट के कारण घायल हो गए।
इस दौरान इमारत में और आसपास मौजूद कई स्थानीय लोग भी घायल हो गए। पुलिस और दमकल कर्मियों की टीम तुरंत मौके पर पहुंचीं और उन्होंने आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। पुलिस के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ”अभियान के दौरान एक एलपीजी सिलेंडर फट गया, जिससे आग बुझाने और निवासियों को निकालने की कोशिश कर रहे कई कर्मी घायल हो गए।” अधिकारी के मुताबिक, सभी घायलों को पहले बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल और फिर सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया गया।