नई दिल्ली, 16 फरवरी। दिल्ली के लोग अगले महीने से राष्ट्रीय प्राणी उद्यान में किसी जानवर को एक दिन के लिए गोद लेकर अपना जन्मदिन, शादी की सालगिरह या अन्य खास मौके मना सकेंगे। पशु को गोद लेने की संशोधित योजना के तहत छोटे जानवरों के लिए शुल्क 500 रुपए से शुरू होगा, जबकि बाघ को एक दिन के लिए गोद लेने के लिए 50,000 रुपए देने होंगे। इस योजना के तहत, पशु को गोद लेने वालों को चिड़ियाघर द्वारा निर्धारित लागत वहन करनी होगी, जिसका उपयोग जानवर के भोजन और दैनिक देखभाल के लिए किया जाएगा। चुने गए पैकेज के आधार पर, व्यक्ति को स्मृति चिन्ह के रूप में प्रमाण पत्र और तस्वीरें भी मिलेंगी। चिड़ियाघर के निदेशक संजीत कुमार ने कहा कि जानवरों को अल्पकालिक रूप से गोद लेने की व्यवस्था शुरू करने के प्रस्ताव को इस महीने के अंत तक मंजूरी मिलने की संभावना है, जिसके बाद यह पहल मार्च से शुरू की जाएगी।