नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह ने केंद्र की मोदी सरकार से सेना में रोकी गई भर्ती प्रक्रिया को जल्द से जल्द शुरू करने की मांग की है।
शुक्रवार 13 फरवरी को उन्होंने संसद में कहा कि मोदी सरकार सेना में भर्ती प्रक्रिया को रोककर नौजवानों के साथ विश्वासघात कर रही है। 2019 से 2022 तक थल सेना और वायु सेना में करीब 1.30 लाख नौजवानों ने परीक्षा पास की, लेकिन अभी तक उन्हें नियुक्ति पत्र नहीं मिला है।
उन्होंने सरकार से अपील की कि सेना में भर्ती प्रक्रिया खोले और सारी परीक्षा पूरी कर चुके नौजवानों को नियुक्ति पत्र दे। साथ ही, सेना में सेवादारी की प्रथा को बंद किया जाए और जवानों का सम्मान बरकरार रखा जाए।
उन्होंने राज्यसभा में कहा कि भारतीय सेना देश का गौरव है। सेना में भर्ती होना एक नौजवान का सपना होता है। वर्ष 2019 से लेकर 2022 तक थल सेना के लिए देश के 1 लाख 23 हजार नौजवानों ने शारीरिक और चिकित्सकीय परीक्षण दिया और परीक्षाएं उत्तीर्ण कीं।
इसी तरह, वायु सेना के लिए लगभग 7000 नौजवानों ने परीक्षा पास की। लेकिन बड़े अफसोस की बात है कि आज वे नौजवान अवसाद, निराशा, पीड़ा और दुख में हैं। वे आज तक सेना में भर्ती के लिए अपने अंतिम नियुक्ति पत्र की प्रतीक्षा कर रहे हैं।