नई दिल्ली, 9 फरवरी। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के धौला कुआं इलाके में एक स्कूटर के खड़े ट्रक से जा टकराने के कारण स्कूटर पर सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस के मुताबिक यह घटना रविवार देर रात करीब 1.40 बजे धौला कुआं इलाके में मेट्रो पिलर संख्या-73 के पास घटी, जब गुरप्रीत सिंह (35) नारायणा से धौला कुआं की ओर स्कूटर पर जा रहे थे और उनके पीछे सीट पर 32 वर्षीय एक महिला बैठी थी।
पुलिस को एक सड़क दुर्घटना और एक मरीज को मृत अवस्था में अस्पताल लाए जाने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि स्कूटर सड़क पर खड़े एक ट्रक से टकरा गया था।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। गुरप्रीत पंजाब के जालंधर का रहने वाला था। उन्होंने बताया कि स्कूटर की पिछली सीट पर बैठी महिला को भी चोटें आईं और उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है ।