नई दिल्ली, 9 फरवरी। दिल्ली विश्वविद्यालय के कला संकाय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद नीत दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ और राष्ट्रीय कला मंच के संयुक्त तत्त्वाधान में “मदारी -इस मिट्टी में जड़े है हमारी” कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ हुआ।
राष्ट्रीय कला मंच के राष्ट्रीय प्रमुख अंकित शुक्ला, अभाविप की राष्ट्रीय मंत्री क्षमा शर्मा, दिल्ली विश्वविद्यालय केंद्रीय पुस्तकालय के अध्यक्ष राजेश सिंह एवं दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ के अध्यक्ष आर्यन मान ने दीप प्रज्ज्वलन कर मदारी का विधिवत शुभारंभ किया ।
“मदारी” 2017 से दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का एक मंच प्रदान कर रहा है । इस कला महोत्सव को मुख्य रूप से खिचड़ी(नुक्कड़-नाटक), ग्राम्या(ओपेन माईक) और धरोहर(प्रदर्शनी) तीन भागों में बाँटा गया है ।
कार्यक्रम के पहले दिन खिचड़ी में गार्गी महाविद्यालय, लेडी हार्डिंग, देशबंधु महाविद्यालय सहित कुल 13 टीमों ने नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति की, ग्राम्या के अंतर्गत दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिभावान कवियों और गायकों ने अपनी प्रस्तुति की तथा धरोहर के अंतर्गत मिरांडा हाऊस, हिन्दू महाविद्यालय, दौलतराम महाविद्यालय सहित कुल 20 महाविद्यालयों के छात्रों ने अपनी प्रदर्शनी लगाई ।