नई दिल्ली, 9 फरवरी। दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में सोमवार सुबह कुछ अज्ञात हमलावरों ने 10वीं कक्षा के एक छात्र की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि बाद में जब पुलिस को लड़का मिला तो चाकू उसके सिर में ही फंसा हुआ था।
पुलिस ने बताया कि छात्र पर उस समय हमला किया गया जब वह सुबह स्कूल जा रहा था। पुलिस नियंत्रण कक्ष में फोन के माध्यम से घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद एक टीम मौके पर पहुंची।
घायल छात्र को पास के अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पीड़ित 10वीं कक्षा का छात्र था और वह परीक्षा देने जा रहा था।
पुलिस ने कहा कि अपराध स्थल की जांच के लिए अपराध प्रकोष्ठ की टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों को बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि हमलावरों की पहचान करने और हत्या के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।