नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने जनकपुरी में एक खुले 15 फुट गहरे गड्ढे में गिरने से 25 वर्षीय बाइक सवार की मौत के मामले में उप-ठेकेदार द्वारा काम पर रखे गए एक मजदूर को भी रविवार (8 फरवरी) को गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए कहा कि उप-ठेकेदार को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) दरादे शरद भास्कर ने बताया कि पुलिस ने योगेश (23) नामक मजदूर को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया उस पर आरोप है कि उसने बाइक सवार के गिरने की सूचना पुलिस या आपातकालीन सेवाओं को नहीं दी और बाद में जब बाइक सवार के परिजन उसके बारे में जानकारी लेने पहुंचे तो उन्हें गुमराह किया। पुलिस उपायुक्त ने बताया, ”योगेश ने रात के समय इस घटना की जानकारी उप-ठेकेदार राजेश कुमार प्रजापति को दी थी, लेकिन पुलिस या किसी भी आपात एजेंसी को इसकी सूचना नहीं दी।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि योगेश को उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई ऐसे समय की गई है जब एक दिन पहले पुलिस ने 47 वर्षीय राजेश कुमार प्रजापति को गिरफ्तार किया था। उस पर आरोप है कि घटना की जानकारी कई घंटे पहले होने के बावजूद उसने पुलिस को सूचित नहीं किया। पुलिस ने बताया कि ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने आगे की जांच के लिए आरोपी को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।