नई दिल्ली, 6 फरवरी। दिल्ली में कार के ‘साइड मिरर’ को पहुंचे नुकसान के बाद उभरी पुरानी रंजिश में एक कपड़ा विक्रेता की चाकू घोपकर हत्या कर दी गई जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिगों समेत चार लोगों को पकड़ा है।
पुलिस ने बताया कि गौतमपुरी इलाके में हुई चाकूबाजी की इस घटना के संबंध में बदरपुर थाने में पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) पर बृहस्पतिवार रात 10 बजे सूचना प्राप्त हुई। पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां भीड़ जुटी हुई थी और घटनास्थल पर खून के धब्बे पाए गए। दोनों समूहों के बीच पुरानी रंजिश के कारण इस कहासुनी ने जल्द हिंसक रूप ले लिया।”
पुलिस के अनुसार पीड़ितों की पहचान कपड़ा विक्रेता अरुण (25) और एम्स में सफाई कर्मी शिवम (25) के रूप में हुई। पुलिस ने कहा कि चाकूबाजी में घायल दोनों लोगों को इलाज के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। अरुण की गंभीर घाव के कारण इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि शिवम का इलाज किया जा रहा है।