नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका में सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ अपनी तस्वीर पोस्ट करने के आरोप में 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया (5 फरवरी) कि लड़के के कब्जे से एक पिस्तौल और एक कारतूस बरामद किया गया। ककरोला निवासी समीर को सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी के बाद 31 जनवरी को द्वारका के सेक्टर 17 से गिरफ्तार किया गया। उसने सोशल मीडिया मंच और ‘मैसेजिंग ऐप’ पर हथियार प्रदर्शित करने वाले लोगों पर नजर रखने के लिए एक समर्पित टीम तैनात की है। जांच के दौरान, पुलिस को एक सोशल मीडिया अकाउंट मिला, जहां आरोपी ने कथित तौर पर हथियार के साथ अपनी तस्वीरें पोस्ट की थीं और ऐसी ही तस्वीरों को ‘डिस्प्ले पिक्चर’ (डीपी) के रूप में इस्तेमाल किया था।
पुलिस ने बताया कि तकनीकी जानकारी जुटाई गई और समीर को द्वारका के सेक्टर 17 से गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक पिस्तौल और एक कारतूस बरामद हुआ। उन्होंने बताया कि शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।