नई दिल्ली: पुलिस ने उत्तर-पश्चिम दिल्ली के लारेंस रोड औद्योगिक क्षेत्र में प्रतिष्ठित ब्रांड की नकली जींस बनाने और बिक्री में लिप्त गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, एक प्रतिष्ठित ब्रांड की नकली जींस, टैग और लेबल के बड़े पैमाने पर निर्माण को लेकर शिकायत प्राप्त हुई थी।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद सोमवार को लारेंस रोड औद्योगिक क्षेत्र में चार स्थानों पर छापेमारी की गई और शादिक अनवर (21), रोशन झा (25), राजेश गुप्ता (43) और साजन कुमार (34) को गिरफ्तार किया गया। छापेमारी के दौरान एक टीम ने एक जाने-माने ब्रांड की 580 नकली जींस बरामद कीं।
इसके अलावा, विभिन्न ब्रांड की 1,220 जींस भी जब्त की गईं। उन्होंने बताया कि एक अन्य परिसर से टीम ने 1,500 से अधिक जींस, एक सिलाई मशीन और शर्ट बरामद कीं। पुलिस के अनुसार, आरोपी नकली ब्रांडेड जींस और उससे जुड़े कपड़ों के निर्माण के काम में शामिल थे।