नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने एक महीने तक चले अभियान के दौरान कई अंतरराज्यीय साइबर धोखाधड़ी गिरोहों का भंडाफोड़ करते हुए 55 लोगों को गिरफ्तार किया और चोरी की गई राशि में से 4.84 करोड़ रुपये बरामद किए, जबकि 1.55 करोड़ रुपये ‘फ्रीज’ किए गए। पुलिस ने बताया (4 फरवरी) कि वित्तीय लेन-देन के विश्लेषण और कई राज्यों में समन्वित क्षेत्रीय अभियानों के बल पर सफलता मिली।
पुलिस के मुताबिक ”इस अवधि के दौरान अदालती आदेशों के माध्यम से पीड़ितों को लगभग 39 लाख रुपए वापस किए गए, जिससे फर्जी निवेश और ट्रेडिंग योजनाओं के लिए ‘डिजिटल अरेस्ट’ का उपयोग करके विभिन्न ऑनलाइन धोखाधड़ी में ठगे गए लोगों को आंशिक राहत मिली।” अधिकारी ने बताया कि तमिलनाडु, महाराष्ट्र, झारखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और दिल्ली में छापेमारी किए जाने के बाद 55 लोगों को गिरफ्तार किया गया।