नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने निजी विवाद को लेकर एक युवक की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में एक नाबालिग को हिरासत में लिया और दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बुधवार (4 फरवरी) को बताया कि मृतक की पहचान शिवम (20) के रूप में हुई है। तिलक नगर इलाके में दो फरवरी को शिवम पर कई बार चाकू से वार कर हत्या की गई थी।
पुलिस के मुताबिक, इस घटना के पीछे कथित प्रेम संबंध को मुख्य कारण बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच में पता चला कि हत्या शिवम और नाबालिग आरोपी की बहन के बीच कथित प्रेम संबंधों से जुड़े विवाद के कारण हुई। उन्होंने कहा, ”निजी विवाद को लेकर नाबालिग व उसके साथियों और शिवम के बीच हुई बहस के दौरान आरोपियों ने शिवम को चाकू मार दिया।” पुलिस ने बताया कि उसने आरोपियों में शामिल अक्षत उर्फ हनी (24) और मनिया (19) को गिरफ्तार कर लिया, जबकि नाबालिग को हिरासत में लिया गया है।