नई दिल्ली, दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन (डीएमआरसी) ने शुक्रवार (23 जनवरी) को घोषणा की कि 26 जनवरी को सभी लाइनों पर मेट्रो सेवाएं तड़के तीन बजे से शुरू होंगी।
यह विशेष सेवा कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेने वाले लोगों की आवाजाही को सुगम बनाने के उद्देश्य से की गई है।
डीएमआरसी ने कहा कि तड़के तीन बजे से सुबह छह बजे तक सभी लाइनों पर ट्रेन 15 मिनट के अंतराल पर चलेंगी। सुबह छह बजे के बाद, मेट्रो सेवाएं दिन के बाकी समय के लिए नियमित समय सारणी के अनुसार संचालित होंगी।
बयान में कहा गया कि यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा प्रदान करने के लिए गणतंत्र दिवस पर सभी मेट्रो स्टेशनों पर पार्किंग सुविधाएं चालू रहेंगी।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने कहा है कि दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ गलियारे के सभी नमो भारत स्टेशनों पर सुरक्षा जांच बढ़ाई जाएगी। एनसीआरटीसी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत न्यू अशोक नगर और आनंद विहार नमो भारत स्टेशनों पर पार्किंग सुविधाएं 25 जनवरी को अपराह्न दो बजे से 26 जनवरी को अपराह्न दो बजे तक बंद रहेंगी।