नई दिल्ली: दिल्ली सरकार द्वारा राजधानी के खेल इतिहास में एक भव्य और ऐतिहासिक अध्याय जोड़ा गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार 13 फरवरी को छत्रसाल स्टेडियम में ‘खेलो दिल्ली- दिल्ली खेल महाकुंभ’ का भव्य शुभारंभ किया।
यह दिल्ली सरकार द्वारा आयोजित पहला राज्य स्तरीय मेगा स्पोर्ट्स फेस्टिवल है, जिसे राजधानी की सबसे बड़ी जमीनी स्तर की खेल पहल के रूप में देखा जा रहा है। इस अवसर पर दिल्ली खेल महाकुंभ के आधिकारिक मैस्कॉट (नाम ‘रनवीर’ रखा गया है) का भी अनावरण किया गया।
एक माह तक चलने वाला यह भव्य खेल महोत्सव दिल्ली के 17 प्रमुख स्टेडियमों और खेल परिसरों में आयोजित किया जाएगा, जिनमें छत्रसाल स्टेडियम, राजीव गांधी स्टेडियम (बवाना एवं सिंघू), प्रहलादपुर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, त्यागराज स्टेडियम, ईस्ट विनोद नगर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, नजफगढ़, विकासपुरी, द्वारका, पीतमपुरा, कैर, पूठ कलां, मुंडेला, बख्तावरपुर, मित्राऊ तथा नेशनल स्टेडियम सहित अन्य प्रमुख स्थल शामिल हैं।