नई दिल्ली, 1 मार्च। उत्तर-पूर्वी दिल्ली की मंडोली जेल में बंद 35 वर्षीय एक विचाराधीन कैदी की रविवार को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में मौत हो गई, जहां उसे बेहोशी की हालत में ले जाया गया था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पहचान आजाद के रूप में हुई है और वह एक मामले के सिलसिले में पिछले कुछ दिन से जेल में बंद था।
उन्होंने बताया कि गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल से सूचना मिली कि मंडोली जेल से एक विचाराधीन कैदी को बेहोशी की हालत में अस्पताल में लाया गया है। इस संबंध में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ”चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।”
जानकारी के अनुसार, आजाद कथित तौर पर 24 फरवरी की रात जेल के अंदर हुए झगड़े में शामिल था। उसके परिजनों ने आरोप लगाया कि जेल के अंदर उसके साथ मारपीट की गई।
उन्होंने दावा किया कि वार्ड के कुछ कर्मचारियों ने उसे पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई।