नई दिल्ली, 19 फरवरी। दिल्ली यातायात पुलिस ने तीन जनवरी से नौ फरवरी के बीच गलत दिशा में गाड़ी चलाने के आरोप में 182 प्राथमिकी दर्ज की हैं, जिनमें से सबसे अधिक मामले नई दिल्ली क्षेत्र में दर्ज किए गए हैं।
आधिकारिक आंकड़ों से यह जानकारी मिली। इन आंकड़ों के अनुसार, गलत दिशा में गाड़ी चलाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ औसतन प्रतिदिन पांच प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। इस अवधि के दौरान सबसे अधिक 53 मामले नयी दिल्ली रेंज में दर्ज किए गए। दक्षिणी रेंज में 37 प्राथमिकी दर्ज की गईं, जबकि मध्य, उत्तरी और पश्चिमी रेंज में 27-27 मामले दर्ज किए गए। पूर्वी रेंज में 11 प्राथमिकी दर्ज की गईं। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 (तेज रफ्तार से वाहन चलाना जिसमें छह महीने तक की कैद और 1,000 रुपये का जुर्माना या दोनों हो सकते हैं) के साथ-साथ मोटर वाहन अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।