नई दिल्ली, 9 फरवरी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए सालभर सतत प्रयासों की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री गुप्ता ने राजधानी में वायु गुणवत्ता की वास्तविक समय की निगरानी के दायरे को बढ़ाने के लिए छह नए ‘सतत वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशन’ (सीएएक्यूएमएस) का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने प्रदूषण नियंत्रण नियमों के सख्त पालन और बेहतर निगरानी सुनिश्चित करने के लिए 100 ‘वायु रक्षक’ वाहनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
दिल्ली सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गुप्ता ने कहा कि सरकार प्रदूषण के स्रोतों से निपटने के लिए शहर भर में व्यापक निगरानी और दीर्घकालिक नीतिगत कार्रवाई की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने कहा,” हमारा लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि दिल्ली में प्रत्येक 25 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में कम से कम एक वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्र हो, ताकि हमें प्रदूषण के स्तर और उनके स्रोतों के बारे में पूर्ण और सटीक जानकारी मिल सके।”दिल्ली में वर्तमान में 46 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्र हैं और आगामी चरण में 14 अतिरिक्त केंद्र स्थापित किए जाएंगे।