नई दिल्ली: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद वित्त वर्ष 2026–27 के केंद्रीय बजट का (1 फरवरी) स्वागत करती है। इस बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, रोजगार और युवाओं की सहभागिता को केंद्र में रखते हुए किए गए प्रावधान देश की सामाजिक-आर्थिक आवश्यकताओं के अनुरूप हैं। विशेष रूप से शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्रों में बजट आवंटन में निरंतर वृद्धि इन क्षेत्रों को सुदृढ़ करने की दिशा में सकारात्मक कदम है।
केंद्रीय बजट 2026–27 में शिक्षा क्षेत्र के लिए 1,39,389 करोड़ तथा स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 1,04,599 करोड़ का प्रावधान किया गया है। पिछले वर्षों की तुलना में यह बढ़ोतरी न केवल अवसंरचना विस्तार में सहायक होगी, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच को व्यापक बनाने में भी सहायक सिद्ध होगी।
अभाविप, बजट में विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा और शोध से जुड़े प्रावधानों को महत्त्वपूर्ण मानती है। विद्यालयी शिक्षा एवं साक्षरता मद में 2026–27 के लिए 83,562 करोड़ तथा उच्च शिक्षा के लिए 55,727 करोड़ का आवंटन किया गया है, जो विगत वर्षों की तुलना में वृद्धि को दर्शाता है।