नई दिल्ली, 26 जनवरी: 77वें गणतंत्र दिवस पर राजधानी दिल्ली देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई।
कर्तव्य पथ पर आयोजित परेड में ‘विकसित भारत’ और ‘डिजिटल इंडिया’ की थीम विशेष आकर्षण का केंद्र रही। शिक्षा मंत्रालय की झांकी में आधुनिक शिक्षा प्रणाली, तकनीक आधारित पढ़ाई और भविष्य के भारत की तस्वीर पेश की गई, जिसे लोगों ने खूब सराहा।
अलग-अलग राज्यों और मंत्रालयों की 30 से ज्यादा झांकियां शामिल हुईं। इनमें शामिल 2,500 कलाकारों ने कर्तव्य पथ पर यादगार रहने वाला रोमांच बिखेरा।

इन झांकियों के जरिए राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष और विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ती आत्मनिर्भरता के दम पर देश की तेज प्रगति का अनोखा संगम दिखाया गया।
परेड देखने की चाह में सुबह ही हजारों लोग सड़कों पर उमड़ पड़े। जो लोग वहां तक नहीं पहुंच सके, उन्होंने आइटीओ के आसपास से परेड का आनंद लिया।
कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच अवरोधकों के अंदर रहकर लोगों ने परेड देखी, जो कर्तव्य पथ से निकलकर आइटीओ होते हुए लाल किले तक पहुंची।
पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती के चलते कई लोगों को कर्तव्य पथ तक जाने की अनुमति नहीं मिल सकी, लेकिन लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ।