नयी दिल्ली, 26 मार्च । राष्ट्रीय दलों को मिलने वाले चंदे में 2024-25 में पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 161 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जिसमें सत्तारूढ़ भाजपा का हिस्सा सबसे अधिक रहा। भाजपा को इस अवधि में अन्य सभी राष्ट्रीय दलों द्वारा प्राप्त कुल चंदे से कई गुना से भी अधिक चंदा मिला।
एसोसिएशन फोर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई। गुरुवार को जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि वित्त वर्ष 2025 में राष्ट्रीय दलों द्वारा घोषित 20,000 रुपए से अधिक के कुल दान 11,343 दानदाताओं से मिले जो 6,648.56 करोड़ रुपए रहे। इनमें से भाजपा को 5,522 चंदे से 6,074.01 करोड़ रुपए, जबकि कांग्रेस को 2,501 चंदे से 517.39 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। रिपोर्ट में बताया गया है कि भाजपा द्वारा घोषित चंदा कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के उसी अवधि के संयुक्त चंदे से कई गुना से अधिक था।
अकेले भाजपा के चंदे में पिछले वित्त वर्ष के 2,243.94 करोड़ रुपए से 171 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
इसके मुताबिक, कांग्रेस को मिलने वाले चंदे में 84 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जो 2023-24 के 281.48 करोड़ रुपये से बढ़कर 2024-25 में 517.39 करोड़ रुपए हो गया।
रिपोर्ट में कहा गया है कि अन्य दलों में, आप को 27.04 करोड़ रुपए चंदा मिले।