नई दिल्ली, 2 मार्च। दिल्ली के द्वारका में लूटपाट के इरादे से 48 वर्षीय होटल मालिक की उसके दोस्त ने अपने साथियों के साथ मिलकर कथित रूप से हत्या कर दी और शव को टुकड़े-टुकड़े करके उत्तर प्रदेश में वृंदावन के पास यमुना नदी में फेंक दिया।
पुलिस ने बताया कि 18 फरवरी को हुई हत्या के सिलसिले में एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी हैप्पी उर्फ सूरज (29) ने लगभग एक साल पहले छत्तीसगढ़ सदन में कैंटीन चलाने वाले अनरूप गुप्ता (48) से दोस्ती की थी। सूरज ने देखा कि गुप्ता अक्सर सोने के आभूषणों पहनता है और उसे यह भी पता चला कि वह अपने परिवार से अलग रहता है।
द्वारका के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ने बताया कि 18 फरवरी को हैप्पी ने गुप्ता को मटियाला एक्सटेंशन स्थित अपने किराए के मकान में बुलाया।
आरोपियों ने जबरदस्ती कार की चाबियां छीन लीं, गाड़ी को मटियाला ले गए और सोने के गहने उसमें से निकाल लिए।
हालांकि, जब गुप्ता ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो उसे फिर से पीटा गया और चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी ।