नई दिल्ली, 1 मार्च। दिल्ली पुलिस ने एक सप्ताह तक चले अखिल भारतीय अभियान के बाद 11 राज्यों से 1.5 करोड़ रुपये से अधिक के साइबर धोखाधड़ी मामलों के सिलसिले में 27 लोगों को गिरफ्तार किया है।
एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी कम से कम 10 बड़े साइबर धोखाधड़ी मामलों में शामिल थे, जिनकी कुल राशि 1.5 करोड़ रुपये से अधिक थी जबकि उनके संदिग्ध बैंक खातों की जांच से 13.91 करोड़ रुपये से अधिक के लेनदेन का पता चला।
पुलिस ने बताया कि राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज की गई लगभग 150 शिकायतें आरोपियों द्वारा कथित तौर पर संचालित मोबाइल नंबरों और बैंक खातों से जुड़ी हुई हैं। ये साइबर गिरोह निवेश धोखाधड़ी, एपीके फाइल धोखाधड़ी, सोशल मीडिया पर प्रतिरूपण, क्रेडिट कार्ड धोखाधड़ी, कार्य-आधारित धोखाधड़ी और वीजा संबंधी धोखाधड़ी में लिप्त थे।
गिरफ्तार किए गए लोगों में देहरादून का सुखप्रीत सिंह (38), दिल्ली का रमा शंकर राय (42), फरीदाबाद का दीपक (22), सहारनपुर का वंश वालिया (20), अमृतसर का चनप्रीत सिंह (38), नालंदा का अभिषेक (21) और कई अन्य लोग शामिल हैं।
इस अभियान के दौरान, पुलिस ने 25 मोबाइल फोन, 28 सिम कार्ड, 20 बैंकिंग कार्ड, आदि बरामद किए।