नई दिल्ली 28 फ़रवरी । एनएसयूआई ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के शपथ ग्रहण समारोह के साथ एक भव्य संविधान संकल्प सभा का आयोजन किया।
इसमें देशभर से आए हजारों विद्यार्थियों ने भाग लिया और भारत के संविधान की रक्षा तथा विद्यार्थियों के अधिकारों की सुरक्षा का संकल्प लिया।
इस ऐतिहासिक समारोह में अनेक प्रमुख नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें सचिन पायलट, दीपेंद्र हुड्डा, कुमारी शैलजा, संजना जाटव, एनएसयूआई प्रभारी कन्हैया कुमार, पूर्व एनएसयूआई राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी, अंशुल त्रिवेदी, पूर्व एनएसयूआई राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज कुंदन सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेता, छात्र प्रतिनिधि और देशभर से आए पदाधिकारी उपस्थित रहे।
यह कार्यक्रम छात्र एकता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का राष्ट्रव्यापी सशक्त संदेश बनकर उभरा।
सभा को संबोधित करते हुए विनोद जाखड़ ने कांग्रेस नेतृत्व, विशेषकर राहुल गांधी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “मैं राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने एक साधारण और संघर्षशील परिवार से आने वाले कार्यकर्ता पर विश्वास जताया। यह सम्मान केवल मेरा नहीं है, बल्कि उन सभी गरीब और परिश्रमी परिवारों के बेटों और बेटियों का है, जो संघर्ष के माध्यम से आगे बढ़ने का सपना देखते हैं।”