देहरादून, 05 मार्च। आस्था, श्रद्धा और भक्ति के अद्भुत संगम के रूप में प्रसिद्ध श्री झण्डे जी मेला की तैयारियों के साथ ही श्री दरबार साहिब परिसर में आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण दिन-प्रतिदिन गहराता जा रहा है। दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने संगतों के साथ लंगर सेवा दी। होली पर्व के उपरांत श्री दरबार साहिब की रौनक और भी बढ़ गई है।
देश-विदेश से आने वाली संगतों के आगमन से श्री दरबार साहिब परिसर भक्ति भाव से सराबोर होता जा रहा है। संगतों की बढ़ती संख्या के साथ ही मेले की चहल-पहल तेज हो गई है और पूरा वातावरण “श्री गुरु राम राय जी महाराज की जय जयकार” के जयकारों से गुंजायमान होने लगा है।
इसी क्रम में शुक्रवार 6 मार्च 2026 को एक अत्यंत पावन और भावनात्मक धार्मिक परंपरा का निर्वहन किया जाएगा। एसजीआरआर पब्लिक स्कूल, बॉम्बे बाग से संगतें नए ध्वज दण्ड को अपने कंधों पर उठाकर श्री दरबार साहिब लेकर जाएंगी। इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक परंपरा को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस पावन क्षण के साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से संगतें पहले ही श्री दरबार साहिब पहुंच चुकी हैं। श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज की अगुवाई में शुक्रवार सुबह 7ः30 बजे संगतें एसजीआरआर पब्लिक स्कूल बॉम्बे बाग से नए ध्वज दण्ड को लेकर प्रस्थान करेंगी।