नई दिल्ली: दिल्ली विधान सभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आज (1 फरवरी) वित्त वर्ष 2026–27 के लिए माननीय केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत किए गए लगातार नौवें केंद्रीय बजट पर उन्हें बधाई देते हुए इसे ‘विकसित भारत’ के निर्माण की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी बजट बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को सशक्त रूप से आगे बढ़ाने के साथ-साथ लघु एवं मध्यम उद्योगों को सुदृढ़ करने, मध्यम वर्ग को सशक्त बनाने तथा विश्वास-आधारित शासन के माध्यम से अनुपालन प्रक्रिया को सरल बनाने की दिशा में एक ठोस रोडमैप प्रस्तुत करता है। यह बजट उच्च विकास दर को समावेशी विकास के साथ संतुलित करते हुए समाज के सभी वर्गों तक विकास के लाभ पहुँचाने का प्रयास करता है।
विधानसभा अध्यक्ष ने अवसंरचना क्षेत्र में ₹12.2 लाख करोड़ के रिकॉर्ड सार्वजनिक पूंजीगत व्यय का स्वागत करते हुए कहा कि यह विशाल निवेश आधुनिक एवं प्रतिस्पर्धी अर्थव्यवस्था के लिए मजबूत भौतिक और डिजिटल आधार तैयार करेगा। उन्होंने कहा कि अवसंरचना पर निरंतर बल से रोजगार सृजन को गति मिलेगी, उत्पादकता बढ़ेगी और विभिन्न क्षेत्रों में लॉजिस्टिक्स दक्षता में सुधार होगा, जिससे देश की समग्र आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।