नयी दिल्ली, 1 अप्रैल । पिछले साल आपरेशन सिंदूर के दौरान दक्षिणी कमान का जिम्मा संभालने वाले लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ ने बुधवार को सेना के उप प्रमुख के रूप में पदभार ग्रहण किया। वह लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह का स्थान लेंगे। साउथ ब्लॉक के उद्यान में आयोजित एक समारोह में, ले.जनरल सेठ ने भारतीय सेना में महत्वपूर्ण नेतृत्व पद ग्रहण करते हुए सलामी गारद का निरीक्षण किया।
एक दिन पहले, लेफ्टिनेंट जनरल सेठ ने दक्षिणी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में अपना पद छोड़ा था। खड़कवासला स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के पूर्व-छात्र धीरज सेठ ने दिसंबर 1986 में बख्तरबंद कोर में कमीशन प्राप्त किया था। लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह ने बुधवार को पश्चिमी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में कार्यभार संभाला।