नई दिल्ली: दिल्ली मेट्रो की मैजेंटा लाइन 89 किलोमीटर तक विस्तार के साथ इस नेटवर्क का सबसे लंबा गलियारा बनने जा रही है, जिसमें सबसे अधिक संख्या में इंटरचेंज और भूमिगत स्टेशन होंगे।
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के अनुसार, फेज-5 (ए) को मंजूरी मिलने के बाद मैजेंटा लाइन का विस्तार रामकृष्ण आश्रम मार्ग से सेंट्रल विस्टा होते हुए इंद्रप्रस्थ तक किया जाएगा। इन विस्तारों के बाद बोटैनिकल गार्डन से इंदरलोक तक मैजेंटा लाइन की कुल लंबाई लगभग 89 किलोमीटर हो जाएगी, जिससे यह दिल्ली मेट्रो नेटवर्क का सबसे लंबा गलियारा बन जाएगी।
डीएमआरसी के मुताबिक, निर्माण पूरा होने के बाद मैजेंटा लाइन पर कुल 21 इंटरचेंज स्टेशन होंगे। इस गलियारे पर कुल 65 स्टेशन होंगे, जिनमें से 40 भूमिगत होंगे। डीएमआरसी ने 11 फरवरी को कहा कि हैदरपुर-बादली मोड़ मेट्रो स्टेशन इस नेटवर्क का सबसे ऊंचा एलिवेटेड स्टेशन होगा, जिसकी ऊंचाई करीब 28.36 मीटर होगी।