नई दिल्ली, 26 मार्च। जाफराबाद मेट्रो स्टेशन पर धमाके जैसी आवाज से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई; किसी के घायल होने की खबर नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार शाम को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद मेट्रो स्टेशन पर बुराड़ी की ओर जाने वाली मेट्रो लाइन पर धमाके जैसी आवाज सुनाई देने के बाद यात्रियों में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई। पुलिस के अनुसार, शाम 6:05 बजे सूचना मिलते ही सीआईएसएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
अधिकारियों के मुताबिक यह आवाज मेट्रो लाइन के दो ओवरहेड बिजली तारों के बीच पतंग की डोर (‘मांजा’) फंस जाने के कारण हुई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुछ बच्चे पास में पतंग उड़ा रहे थे और एक ‘मांजा’ मेट्रो की बिजली तारों के बीच फंस गया, जिससे एक मामूली धमाके जैसी आवाज आई और एक छोटी सी आग लग गई। इस लाइन पर मेट्रो सेवाएं कुछ समय के लिए प्रभावित हुईं, लेकिन सुरक्षा जांच पूरी होने के तुरंत बाद फिर से शुरू हो गईं।
मेट्रो सुरक्षा के लिए जिम्मेदार केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की आशंका से इनकार किया।