नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने रविवार (1 फरवरी) को कहा कि उसने पश्चिमी दिल्ली में दो विदेशी नागरिकों की गिरफ्तारी के साथ मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में ‘सिंथेटिक’ मादक पदार्थों की आपूर्ति करने वाले इस अभियान को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों के पास से एमडीएमए और ‘एक्स्टसी’ की गोलियां जब्त की गई। आरोपियों की पहचान नाइजीरियाई नागरिक प्रेशियस उर्फ प्रॉमिस (26) और घाना के नागरिक जेफ्री बोटेंग उर्फ माइक (44) के रूप में हुई है। दोनों पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, राजधानी भर में ‘सिंथेटिक’ मादक पदार्थों की आपूर्ति में शामिल तस्करों की गतिविधियों के बारे में मिली सूचना के बाद ये गिरफ्तारियां की गईं। अभियान के दौरान, पुलिस ने प्रेशियस के पास से 270 ग्राम एमडीएमए और लगभग 18 ग्राम वजन की 40 ‘एक्स्टसी’ गोलियां बरामद कीं और जेफ्री बोटेंग के पास से अतिरिक्त 72 ग्राम एमडीएमए बरामद किया। दिल्ली पुलिस ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम को सूचित किया गया था कि मादक पदार्थ की आपूर्ति करने के लिए प्रेशियस मोहन गार्डन के पास पहुंचेगा।