नई दिल्ली: बिहार की राजधानी पटना में ‘नीट’ छात्रा की संदिग्ध हालात में हुई मौत मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर रविवार 8 फरवरी को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया गया।
जहानाबाद निवासी नीट अभ्यर्थी छह जनवरी को पटना के चित्रगुप्त नगर स्थित एक छात्रावास में अचेत अवस्था में पाई गई थी। कई दिनों तक कोमा में रहने के बाद 11 जनवरी को एक निजी अस्पताल में उसकी मौत हो गई थी। छात्रा के परिजन को न्याय दिलाने के लिए ‘बिहार निर्भया संघर्ष समिति, दिल्ली–एनसीआर’ के बैनर तले हुए प्रदर्शन में दिल्ली-एनसीआर और बिहार से काफी संख्या में लोग जुटे। प्रदर्शनकारियों ने हत्या से पहले छात्रा के साथ दुष्कर्म किए जाने की भी आशंका जताई।
प्रदर्शन में मौजूद छात्रा के पिता ने कहा कि वह न्याय के लिए दर–दर भटक रहे हैं और परिवार को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने देश के प्रधान न्यायाधीश से मामले का स्वतः संज्ञान लेकर मामले की जांच न्यायिक निगरानी में कराने की मांग की।
छात्रा की मां ने कहा कि वह अपनी बेटी को तो खो चुकी हैं, लेकिन देश की बाकी बेटियों की सुरक्षा के लिए वह पटना से दिल्ली तक आई हैं।