नई दिल्ली, 3 अप्रैल । राष्ट्रीय राजधानी के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होने वाली पीएनबी हाफ मैराथन के प्रतिभागियों की सुविधा के लिए चुनिंदा मार्गों पर मेट्रो सेवाएं रविवार को तड़के तीन बजे से शुरू होंगी। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। डीएमआरसी के मुताबिक ‘येलो’, ‘ब्लू’ और ‘वायलेट’ लाइन पर मेट्रो सेवाएं तड़के तीन बजे शुरू होंगी और सुबह छह बजे तक 30-30 मिनट के अंतराल पर चलेंगी। उसने बताया कि सुबह छह बजे के बाद मेट्रो सेवाएं सामान्य रविवार की तरह ही चलेंगी। बयान के मुताबिक, पांच अप्रैल को आयोजित की जा रही ‘पीएनबी सोल्जरथान 2026- रन विद सोल्जर्स, रन फॉर सोल्जर्स’ के लिए ‘येलो’ लाइन पर समयपुर बादली और मिलेनियम सिटी सेंटर गुरुग्राम के बीच, ‘ब्लू लाइन’ पर द्वारका और नोएडा इलेक्ट्रानिक सिटी-वैशाली के बीच तथा ‘वायलेट लाइन’ पर कश्मीरी गेट और राजा नाहर सिंह के बीच शुरुआती सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। डीएमआरसी ने बताया कि अन्य सभी मार्गों पर मेट्रो सेवाएं रविवार की सामान्य समय-सारिणी के अनुसार संचालित की जाएंगी।