नई दिल्ली, 10 अप्रैल । बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राज्यसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली। राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने अपने कक्ष में एक संक्षिप्त समारोह के दौरान उन्हें शपथ दिलाई। कुमार ने हिंदी में शपथ ली। इस दौरान केंद्रीय मंत्री एवं सदन के नेता जेपी. नड्डा, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह, कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर और विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल भी मौजूद थे। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित थे।
जनता दल-यूनाइटेड (जद यू) के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, राज्यसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक जयराम रमेश, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी तथा लोकसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक संजय जायसवाल भी शपथ ग्रहण के दौरान मौजूद थे।