नई दिल्ली: सरकार ने वर्ष 2026-27 में राष्ट्रीय राजधानी में लगभग 50 नये स्कूल भवनों और 8,000 अतिरिक्त कक्षाओं के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने संवाददाताओं को बताया कि इस पहल का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में ‘छात्र-कक्षा अनुपात’ को संतुलित बनाए रखना और अधिक क्षेत्रफल वाले बड़े कक्ष तथा अनुकूल शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना है।
शिक्षा विभाग मौजूदा स्कूल भवनों का ऑडिट भी कर रहा है, ताकि जर्जर हालत में मौजूद और तत्काल सुधार की आवश्यकता वाले भवनों की पहचान की जा सके।
सरकार ने गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) ‘लाडली फाउंडेशन’ के सहयोग से 101 सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) प्रयोगशालाएं स्थापित की हैं, जिनमें प्रत्येक में 20 कंप्यूटर लगाए गए हैं। सात हजार ‘स्मार्ट ब्लैकबोर्ड’ के लिए निविदाएं अंतिम चरण में हैं।
अधिकारी ने बताया कि अगले चार वर्षों में कक्षा नौ से 12 तक के छात्रों के लिए 21,000 कक्षाओं में स्मार्ट बोर्ड लगाए जाएंगे, जिनपर पांच वर्ष की रखरखाव गारंटी होगी।