नई दिल्ली, 19 फरवरी । छात्र समूह क्रांतिकारी युवा संगठन (केवाईएस) ने गुरुवार को उत्तरी परिसर में अन्य संगठनों के साथ प्रेस कांफ्रेंस कर दिल्ली विश्वविद्यालय के उस आदेश का विरोध किया, जिसमें परिसर में एक महीने के लिए विरोध प्रदर्शन, रैलियों और सार्वजनिक सभाओं पर प्रतिबंध लगाया गया है।
दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर कार्यालय द्वारा जारी नोटिस में यातायात जाम और सार्वजनिक शांति और मानव जीवन के लिए संभावित खतरों जैसी चिंताओं का हवाला देकर प्रदर्शन, रैलियों और सार्वजनिक सभाओं पर प्रतिबंध लगाया है।
भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच जब प्रेस कांफ्रेंस बीच में ही बाधित हो गई, तो छात्रों ने कला संकाय के पिछले गेट पर मार्च निकालने की कोशिश की। विरोध प्रदर्शन प्रतिबंध के खिलाफ छात्र समूहों ने डीयू प्रशासन को अल्टीमेटम दिया।