नई दिल्ली, 29 जनवरी। दिल्ली में 2024 में हृदय संबंधी बीमारियों से होने वाली मौतों में 50 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई। दिल्ली सरकार के आंकड़ों के अनुसार, 2024 में दिल का दौरा और हृदय संबंधी बीमारियों से 34,539 मौतें हुईं, जो पिछले वर्ष की तुलना में 12,000 से अधिक हैं, जब 22,385 मौतें दर्ज की गई थीं। आंकड़ों से यह भी पता चला है कि पिछले दो दशकों में दिल्ली में 3,29,857 मौतें दिल के दौरे के कारण हुईं।
दिल्ली सरकार की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, 25 से 44 वर्ष की आयु वर्ग में 46,129 मौतें दर्ज की गईं, जबकि 45 से 64 वर्ष की आयु वर्ग में 1,03,972 और 65 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग में 92,048 लोगों की मौत दिल के दौरे से हुई। दर्ज की गई कुल मौतों में से पांच फीसद से अधिक (14,321) मौतें 14 वर्ष और उससे कम आयु वर्ग के लोगों की थीं। 2024 और 2025 में हृदय संबंधी समस्याओं के कारण हुई कुल मौतों में से 2,10,206 पुरुष, 1,19,626 महिलाएं और 25 अन्य थे।
आंकड़ों के आगे के विश्लेषण से पता चलता है कि 45-64 आयु वर्ग में, हृदय रोग व बीमारियों के कारण पुरुषों की मृत्यु की संख्या महिलाओं की मृत्यु की संख्या से लगभग दोगुनी थी। इस आयु वर्ग में 68,177 पुरुषों और 35,795 महिलाओं की मृत्यु दर्ज की गई।