नई दिल्ली, 27 फरवरी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को एक डबल डेकर बस को हरी झंडी दिखाकर राष्ट्रीय राजधानी में इस सेवा की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा और विभाग के अन्य अधिकारियों के साथ रफी मार्ग से प्रधानमंत्री संग्रहालय तक एक इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस में सवारी भी की। दिल्ली सरकार ने पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह सेवा शुरू की है।
पर्यटन विभाग मध्य दिल्ली के प्रमुख स्थलों को जोड़ने वाले एक निश्चित मार्ग पर बस सेवा का संचालन करेगा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रस्तावित मार्ग में भारत मंडपम, राष्ट्रीय समर स्मारक, नया संसद परिसर, दिल्ली हाट और अन्य प्रमुख स्थल शामिल हैं। वयस्कों के लिए किराया 500 रुपए और छह से बारह वर्ष की आयु के बच्चों के लिए 300 रुपए निर्धारित किया गया है।