नई दिल्ली, 23 मार्च। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के मौर्य एन्क्लेव इलाके में मोबाइल फोन छीनने की वारदात के बाद 31 आपराधिक मामलों में कथित रूप से संलिप्त भाई-बहन की जोड़ी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों की पहचान मनिंदर कौर उर्फ सिमरन (22) और अमनप्रीत सिंह (24) के रूप में हुई है, जो दिल्ली के चंद्र विहार के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, मनिंदर आठ मामलों में शामिल रही है, जबकि अमनप्रीत 23 मामलों में संलिप्त रहा है, जिनमें झपटमारी, चोरी और अन्य अपराध के मामले शामिल हैं। तितिक्षा शर्मा ने 18 मार्च को शिकायत दर्ज कराई थी कि जब वह पीतमपुरा स्थित वीआईपीएस से आयकर कॉलोनी की ओर पैदल जा रही थीं, तभी एक लड़के और एक लड़की ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया था।