नई दिल्ली, 26 फरवरी। त्योहारी सीजन और होली से पहले दिल्ली सरकार के फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह के निर्देश पर राजधानी दिल्ली में सघन जांच चला रही है।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सिस्टमैटिक फ़ूड सैंपलिंग के जरिए मिलावट पर पूरी तरह रोक लगाना और खाद्य सुरक्षा मानकों का बेहद कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराना है।
इस स्पेशल ड्राइव के दौरान कुल 66 फूड सैंपल उठाए गए, जिनमें 54 सर्विलांस सैंपल और 12 लीगल सैंपल शामिल थे, ताकि निर्धारित फ़ूड सेफ़्टी स्टैंडर्ड का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके और जहां भी जरूरत हो आवश्यक एक्शन लिया जा सके।
सिंह ने दिल्ली के बॉर्डर और आस-पास के इलाकों में कड़ी निगरानी करने का निर्देश दिया है, जहां से पनीर और खोया राजधानी दिल्ली में लाया जाता है।
दिल्ली में मिलावटी खाने की चीज़ों की नियमित जांच करने के लिए दिल्ली के सभी एंट्री पॉइंट्स पर भी सघन निगरानी की जा रही है।