नई दिल्ली, 22 फरवरी। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दस दिनों तक चले आपरेशन में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ कर आठ संदिग्धों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। इनमें सात बांगलाादेशी नागरिक हैं। । पुलिस ने दिल्ली, कोलकाता, तमिलनाडू सहित अन्य ठिकाने पर दबिश देते हुए इस बड़े गिरोह की साजिश का भंडाफोड़ किया है।
स्पेशल सेल के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त पीके कुशवाहा ने रविवार को प्रेस वार्ता कर पूरे अभियान की जानकारी दी। सबसे पहले पश्चिम बंगाल के मालदा से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनकी पहचान उमर फारूक और रोबिल उल इस्लाम के रूप में हुई। फिर तमिलनाडु के तिरुप्पुर जिले में छिपे अन्य लोगों का सुराग मिला। गिरफ्तार आरोपियों के नाम मिजानुर रहमान, मोहम्मद शबत, उमर, मोहम्मद लितान, मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद उज्जल बताए गए हैं। ये सभी लोग कपड़े की फैक्टरी में काम कर रहे थे और फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर रहे थे। इनके पास से आठ मोबाइल फोन और 16 सिम कार्ड के साथ पाकिस्तान समर्थित पोस्टर भी बरामद किए गए हैं।