नई दिल्ली, 22 मार्च । दिल्ली के मालवीय नगर स्थित अपने घर में अपनी दो बेटियों की कथित तौर पर हत्या करने के बाद आत्महत्या का प्रयास करने वाली 54 वर्षीय महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि छह मार्च को 34 और 28 वर्ष की दो बहनों के शव मालवीय नगर के एफ-ब्लॉक स्थित उनके भूतल वाले आवास के अलग-अलग कमरों में पाए गए थे, जबकि उनकी मां दूसरे कमरे में बेहोश पाई गई थीं। उन्होंने बताया कि जहरीले पदार्थ का कथित तौर पर सेवन करने वाली आरोपी मां को शुक्रवार को उसकी चिकित्सा जांच के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने शुरू में हत्या-आत्महत्या के प्रयास का संदेह जताया था और हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया, जबकि घटनाक्रम जानने के लिए महिला का बयान दर्ज करने की प्रतीक्षा की जा रही है।