नई दिल्ली, 25 मार्च। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को भारत मंडपम, प्रगति मैदान में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली – 2026 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने दिल्ली को वैश्विक फिल्म हब के रूप में स्थापित करने का संकल्प जताया। इस अवसर पर दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, मुख्य सचिव राजीव वर्मा , देश-विदेश से आए फिल्मकारों, कलाकारों, निर्देशकों सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।उन्होंने कहा कि दिल्ली सदियों से कला, संस्कृति और रचनात्मकता का केंद्र रही है और आईएफएफडी उसी विरासत का विस्तार है।
इसमें 125 से अधिक भारतीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्मों का प्रदर्शन होना है। समारोह 31 मार्च तक चलेगा।
कार्यक्रम के दौरान आईएफएफडी पर आधारित एक विशेष ऑडियो-विज़ुअल फिल्म प्रस्तुत की गई, जिसमें भारतीय सिनेमा की यात्रा तथा महोत्सव की परिकल्पना को प्रभावी रूप से दर्शाया गया। इस अवसर पर रेड कार्पेट, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, गाला प्रीमियर और लाइव परफॉर्मेंस के माध्यम से भारतीय सिनेमा की समृद्ध परंपरा को भव्य रूप में प्रस्तुत किया गया। साथ ही, समारोह के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठित कलाकारों को सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर दिग्गज अभिनेत्री शर्मिला टैगोर, प्रख्यात अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत, वरिष्ठ अभिनेत्री एवं सांसद हेमा मालिनी, अभिनेता विवेक ओबेरॉय, अभिनेता अर्जुन कपूर, अभिनेत्री निमरत कौर, अभिनेता विक्की कौशल, अभिनेता अरविंद स्वामी, फिल्म निर्देशक सुदीप्तो सेन, सुप्रसिद्ध निर्देशक मधुर भंडारकर, अभिनेत्री सान्या मल्होत्रा तथा अभिनेता सिद्धांत चतुर्वेदी की गरिमामयी उपस्थिति रही।